Friday, October 23rd, 2026

बेतिया: ट्रैक्टर ने बकरी को कुचला, गुस्साई भीड़ ने मजदूर को पीट-पीटकर मार डाला

बेतिया 
ट्रैक्टर से बकरी कुचलने से गुस्साई भीड़ ने शनिवार शाम ट्रैक्टर पर सवार मजदूर को पीट-पीटकर मार डाला। यह घटना बिहार के नरकटियागंज अनुमंडल के सहोदरा थाने के पिपरा चौक की है। मजदूर भीड़ के आगे गिड़गिड़ाता रहा, हाथ जोड़कर लोगों से विनती करता रहा, लेकिन भीड़ में शामिल लोगों का कलेजा नहीं पसीजा। मृत मजदूर देशबंधु गोंड (30) पिपरा गांव का रहने वाला था। बताते हैं कि धनौजी चौक पर शनिवार की शाम एक ट्रैक्टर ने बकरी को कुचल दिया। कुचलने के बाद चालक वहां से ट्रैक्टर लेकर भागा। उसी ट्रैक्टर पर मजदूर भी सवार था। इधर, लोगों ने ट्रैक्टर को खदेड़कर पिपरा चौक पर पकड़ लिया। भीड़ को देख चालक ट्रैक्टर से कूदकर फरार हो गया। लेकिन मजदूर भीड़ के हत्थे चढ़ गया। लोगों ने उसे पीटकर लहुलुहान कर दिया। अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। शिकारपुर थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पुलिस टीम को अस्पताल भेजा गया है, मामले की जानकारी ली जा रही है। घटनास्थल सहोदरा थाना क्षेत्र का है। वहां की पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। इधर, सहोदरा थानाध्यक्ष अशोक कुमार साह ने बताया कि ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। मजदूर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। भीड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

परिजन पहुंचे तब तक अधमरा हो चुका था मजदूर :
ग्रामीणों का कहना है कि पिपरा गांव में ही भट्ठा मजदूर देशबंधु गोंड का घर है। ट्रैक्टर को धनौजी गांव के लोगों ने बाइक से खदेड़ कर पकड़ा। चालक तो भाग गया लेकिन मजदूर को लोगों ने पकड़ लिया। गांव के ही चौक पर धनौजी से आए लोगों की भीड़ ने उसे पीटना शुरू कर दिया। यह जानकारी गांव तक पहुंची। लेकिन जब तक परिजन व ग्रामीण उसे भीड़ से बचाते लोगों ने उसे पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था। आननफानन में परिजन उसे नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

 

#बेतिया

Source : Agency

पाठको की राय